चुनाव के समय झूठ बोल कर जनता को ठगते हैं कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल : मनीष ग्रोवर

चुनाव के समय झूठ बोल कर जनता को ठगते हैं कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल : मनीष ग्रोवर

 

भाजपा का संकल्प हर जिले का करेंगे विकास : ग्रोवर

रोहतक : हरियाणा के पूर्व मंत्री और रोहतक से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मनीष कुमार ग्रोवर ने प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र में शामिल विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि हर जिले का विकास करना ही भाजपा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि रोहतक के विकास पर भी हमारा विशेष फोकस रहेगा। रोहतक में इलेक्ट्रिक वाहनों के पुर्जे बनाने के लिए ईवी पार्क विकसित किया जाएगा। रोहतक में ओबीसी, एससी और ईडब्ल्यूएस छात्रों के लिए मुफ्त कोचिंग और आवास के साथ एक सिविल सेवा कोचिंग सेंटर भी बनाया जाएगा। ग्रोवर ने भाजपा नेतृत्व को पूरे हरियाणा के साथ-साथ रोहतक जिले को विकास की सौगात देने और जनता की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान रखने के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक,भाजपा नेता एडवोकेट महाराज सिंह, जिला मीडिया प्रभारी तरुण सन्नी शर्मा,ईश कुमार राणा और कपिल नागपाल मौजूद रहे।
मनीष ग्रोवर ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा ने 2014 और 2019 के अपने संकल्प पत्र के प्रत्येक संकल्प को पूरा किया, उसी प्रकार इस बार के संकल्प पत्र का हर संकल्प भी योजनाबद्ध तरीके से पूर्ण होगा। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष के सभी दल चुनावों के समय झूठ बोल कर जनता को ठगने का काम करते हैं। ग्रोवर ने याद दिलाया कि किस प्रकार लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने झूठ बोला कि तीसरी बार सरकार में आते ही भाजपा आरक्षण को खत्म कर देगी। कांग्रेस ने लोगों को ठकाठक-ठकाठक 8500 रुपये खातों में प्रति देने का लालच दिया। हालांकि जनता ने इनके झूठों को हमेशा नकारा है और आगे भी नकारती रहेगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान मनीष ग्रोवर ने कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा और शमशेर सिंह गोगी के विवादित बयानों पर जोरदार हमल बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का असली घोषणापत्र तो कोटे में वोटों के बदले नौकरी बांटने का और भ्रष्टाचार करके खुद का घर भरने का है। कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों कांग्रेस की मंशा साफ जाहिर कर दी है कि काँग्रेस एक भ्रष्टाचारी पार्टी है।
कांग्रेस से कुमारी सैलजा की नाराजगी से संबंधित प्रश्न का उत्तर देते हुए ग्रोवर ने कहा कि जिस प्रकार के अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कांग्रेस नेताओं द्वारा कुमारी सैलजा के लिए किया गया है, वह निंदनीय है। हरियाणा और देश भर का पिछड़ा समाज इस घटना के कारण कांग्रेस से आहत है।

भाजपा के संकल्प पत्र में रोहतक के सर्वांगीण विकास की मिली सौगात
मनीष कुमार ग्रोवर ने भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र में रोहतक जिले के लिए किए गए विशेष प्रावधानों पर चर्चा करते हुए बताया कि पार्टी ने रोहतक के सर्वांगीण विकास के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के पुर्जे बनाने वाले ईवी पार्क विकसित करने का संकल्प लिया है। इसके अलावा रोहतक में ओबीसी, एससी और ईडब्ल्यूएस छात्रों के लिए मुफ्त कोचिंग और आवास उपलब्ध एक सिविल सेवा कोचिंग सेंटर भी बनाया जाएगा, जिससे पिछड़े समाज के युवाओं को सिविल सेवाओं में जाने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।

रोहतक में विश्ववकर्मा कौशल विश्वविद्यालय से संबंधित महाविद्यालय बनाया जाएगा

मनीष ग्रोवर ने कहा कि रोहतक में विश्ववकर्मा कौशल विश्वविद्यालय से संबंधित एक महाविद्यालय की भी स्थापना की जाएगी। जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य के लिए रोहतक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जाएगा, साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाते हुए सिविल अस्पताल में आई.सी.यू. भी बनाया जाएगा।

सिविल अस्पताल को करेंगे अपग्रेड, सिटी स्कैन, एम.आर.आई. व कार्डियोलॉजी सेवाओं का भी होगा विस्तार

स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए सिविल अस्पताल में 100 बिस्तरों की संख्या बढ़ा कर उसे अपग्रेड किया जाएगा, और सिटी स्कैन, एम.आर.आई. व कार्डियोलॉजी सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। श्री ग्रोवर ने बताया कि महिलाओं के सामाजिक और राजनैतिक विकास को सुनिश्चित करने की मंशा से रोहतक के हर गांव में एक महिला चौपाल बनाई जाएगी। अति वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य लाभ को ध्यान में रखते हुए सेवा केंद्र बनाए जाएंगे।

ओलंपिक खेलों के लिए खेल नर्सरी और आबादी के हिसाब से अत्याधुनिक सभागार का करेंगे निर्माण

मनीष ग्रोवर ने कहा कि रोहतक जिले में ओलंपिक खेलों के लिए खेल नर्सरी और आबादी के हिसाब से एक् अत्याधुनिक सभागार बनाने का भी निर्णय लिया गया है। साथ ही “दृष्टि केंद्र“ नाम से रोहतक में जिला कमांड नियंत्रण केंद्र स्थापित किया जाएगा जो सरकारी सेवाओं का बेहतर समन्वय और वितरण सुनिश्चित करने में सहायक होगा। श्री ग्रोवर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह संकल्प पत्र रोहतक जिले के लिए सौगात लेकर आया है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनने पर सटीक योजनाओं के साथ इन सभी संकल्पों को पूरा किया जाएगा।

Spread the News