राहुल गांधी की तीसरी पीढ़ी भी आ जाए तो भी धारा 370 खत्म नहीं होने देंगेः केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

राहुल गांधी की तीसरी पीढ़ी भी आ जाए तो भी धारा 370 खत्म नहीं होने देंगेः केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

दलित विरोधी है कांग्रेस पार्टी, दलितों का अपमान कर रही : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

फतेहाबाद : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को टोहाना में भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र बबली एवं रतिया विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल के समर्थन में जन आशीर्वाद रैली की। इस दौरान अमित शाह आक्रामक नजर आए। धारा 370 पर कांग्रेस को घेरा। शाह ने कहा कि राहुल गांधी नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के साथ जाकर जम्मू कश्मीर में धारा 370 फिर से लागू करने और आतंकवादियों को सम्मान देने की बात करते हैं, लेकिन मैं कहता हूं कि राहुल गांधी की तीसरी पीढ़ी भी आ जाए तो भी भाजपा धारा 370 खत्म नहीं होने देगी। श्री शाह ने कहा कि भाजपा ये भी मानती है कि पाकिस्तान द्वारा कब्जाया गया कश्मीर भी भारत का अविभाजित हिस्सा है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दलितों के अपमान और सरकारी नौकरी बेचने पर कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लताड़ा। शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दलित विरोधी पार्टी है। कांग्रेस पार्टी के शासन में हरियाणा में गोहाना कांड हुआ, 2010 में मिर्चपुर कांड हुआ जिसकी जिम्मेदार केवल कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस ने युवाओं को हमेशा से ‘नोट फाउंड स्यूटेबल’ का बहाना देकर नौकरियों से आरक्षण वंचित रखने का काम किया है। कांग्रेस ने हमेशा दलित नेताओं का अपमान करने का काम किया है। कांग्रेस की सरकार में कभी बाबा साहेब अंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया गया, लेकिन भाजपा ने बाबा साहेब के नाम से पंचतीर्थ बनाकर और संविधान दिवस मनाने की घोषणा कर के उन्हें सम्मान देने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने घोषणा पत्र में 2 लाख नौकरियां देने का वादा किया है, लेकिन पहले जवाब दें कि यह नौकरियां योग्य युवाओं को मिलेगी या खर्ची देने वालों को मिलेगी। कांग्रेस के नेता खुद कहते हैं कि बिना घपले हमारी सरकार नहीं चल सकती है। अमित शाह ने कहा कि पूर्व की सरकारों में बिना खर्ची और बिना पर्ची के नौकरी नहीं मिलती थी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने हजारों युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के नौकरियां देने का काम किया है। अमित शाह ने जनता से टोहाना से भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र बबली, रतिया से भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल को बहुमत से विजयी बनाकर और प्रदेश में फिर एक बार मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व वाली सरकार बनाने की अपील की। इस दौरान हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, स्वामी सुमेधानंद, बिहारीलाल बिश्नोई, प्रवीण जोड़ा, टोहाना से भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र बबली एवं रतिया से भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल सहित अन्य नेतागण मंच पर उपस्थित रहे।

2014 से पहले दो दलों की सरकार होती थी, एक भ्रष्टाचार बढ़ाता था, दूसरा दल गुंडागर्दी

रैली में अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दिल्ली के दामाद को खुश करने के लिए किसानों की भूमि कोढ़ियों के भाव बेच दी और बड़े बड़े भ्रष्टाचार किए हैं। लेकिन भाजपा ने डीलर और दामाद वाली सरकार को समाप्त करने का काम किया है। भाजपा सरकार के नेतृत्व में टोहाना नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। भाजपा कैसे शासन करती है उसका सबसे अच्छा उदाहरण हरियाणा राज्य है। अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में पहले 2 दल की सरकारें आती थी। एक दल आता था तो भ्रष्टाचार बढ़ता था और दूसरा आता था तो गुंडागर्दी बढ़ती थी। दोनों ही दलों में परिवारवाद, जातिवाद चरमसीमा पर था, लेकिन हरियाणा प्रदेश को परिवारवाद और जातिवाद से मुक्ति देने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है।
भाजपा ने विकसित हरियाणा का संकल्प लिया और 3700 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों का जाला बुनने का काम किया है। 47 हजार करोड़ रुपए की लागत से 51 परियोजनाएं आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरी हुई हैं, 35 हजार करोड़ की 30 योजनाएं प्रगति पर है और 20 हजार करोड़ का खाका तैयार हो चुका है।

Spread the News