दुनिया की कोई ताकत धारा-370 वापस नहीं ला सकती : शिवराज सिंह चौहान

दुनिया की कोई ताकत धारा-370 वापस नहीं ला सकती : शिवराज सिंह चौहान

तीन शाही परिवारों ने जम्मू कश्मीर को तबाह और बर्बाद किया

POK भी हमारा, उसे हर हाल में लेकर रहेंगे

मोदी जी के नेतृत्व में कश्मीर बदल भी रहा है और संवर भी रहा है : शिवराज सिंह चौहान

जम्मू- केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को जम्मू की तीन विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। श्री चौहान ने कठुआ में भाजपा उम्मीदवार श्री भारत भूषण, हीरानगर में श्री विजय शर्मा और बिशनाह में डॉक्टर राजीव के समर्थन में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। श्री चौहान ने कहा आज इस धरती पर आपने पगड़ी पहनाकर सम्मान दिया है और भारत की धरती पर पगड़ी से बड़ा सम्मान कोई नहीं होता है। इस पवित्र धरा पर मैं डॉ. श्यामाप्रसाद जी के चरणों में भी हाथ जोड़कर प्रणाम करता हूं। साथ ही ऐसे कार्यकर्ताओं को भी दोनों हाथ जोड़कर शीश झुकाकर प्रणाम करता हूं, जिनकी पहली पीढ़ी ने इतना संघर्ष किया, लाठियां खाई, जेल गए, आंदोलन किए लेकिन कभी मनोबल कम नहीं किया।

नेशनल कॉन्फ्रेंस नहीं, नॉनसेंस कॉन्फ्रेंस
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि, नेशनल कॉन्फ्रेंस का मतलब नॉनसेंस कॉन्फ्रेंस होता है, कांग्रेस, आईएनसी का मतलब इंडियन नेशनल करप्शन पार्टी होता है और पीडीपी का मतलब पर्सनल डेवलपमेंट पार्टी है। इन तीन खानदानों ने जनता के लिए कभी कुछ नहीं किया, आज कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन कर रही है। ये कांग्रेस दोगली है, यही कांग्रेस थी जब पंडित जवाहर लाल नेहरू जी ने शेख अब्दुल्ला को जेल भेजने का काम किया। फिर इंदिरा गांधी जी ने फारूख अब्दुल्ला की सरकार बर्खास्त करने का काम किया और फिर उनके बेटे राजीव गांधी जी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ ही समझौता कर लिया। जम्मू-कश्मीर की धरती पर आतंकवाद तब फला-फूला जब एनसी और कांग्रेस की सरकार बनी। निर्दोषों का खून बहाया गया। निर्दोषों और गरीबों के खून से जम्मू-कश्मीर की धरती लाल हो गई। आतंकवादियों ने यहां ऐसा कहर ढाया कि, हमारे सेना के भी कई जवानों को बलिदान देना पड़ा, लेकिन आज गर्व है, जब से देश में भाजपा की सरकार आई है, हमने तय किया है कि, हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, लेकिन किसी ने हमारे देश और जनता को छेड़ा तो हम उसे छोड़ेंगे भी नहीं।

तीन परिवारों ने जम्मू-कश्मीर को लूटा
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता भ्रम फैलाते हैं कि, भारतीय जनता पार्टी आरक्षण खत्म कर देगी, लेकिन राहुल गांधी जी के नाना यानी कि, पंडित जवाहर लाल नेहरू जी कहते थे कि, आरक्षण बेकार है। इतना ही नहीं राहुल गांधी जब अमेरिका गए थे तो वहां उन्होंने कहा कि, समय आने पर आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा। श्री चौहान ने कहा कि, मैं भारतीय जनता पार्टी की और से आपको विश्वास दिलाता हूँ कि, भाजपा और श्रीमान नरेन्द्र मोदी जी के रहते आरक्षण किसी भी कीमत पर समाप्त नहीं हो सकता है। मुझे कहते हुए गर्व है कि, जिनके साथ अन्याय हुआ है, जिन्हें वर्षों तक आरक्षण का लाभ नहीं मिला ऐसे समाज को भी आरक्षण देने का काम भाजपा की सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि, जब से देश आजाद हुआ है तब से जम्मू कश्मीर में केवल 3 खानदानों ने राज किया है और केवल राज ही नहीं किया, जम्मू कश्मीर को बुरी तरह से लूटा भी है। जम्मू और कश्मीर में भेदभाव किया है, जैसे जम्मू सौतेला बेटा हो, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के लिए जम्मू और कश्मीर दोनों बराबर हैं। जम्मू के साथ अन्याय नहीं होगा।

पीओके, भारत का अंग, उसे हम विलय करेंगे
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कश्मीर में हमारी सेनाएं पूरी ताकत से लड़ रही थी, हमारे वीर जवान पाकिस्तानी सेना को खदेड़ने का काम कर रहे थे, लेकिन पंडित जवाहर लाल नेहरू जी के कारण आज कश्मीर का कुछ हिस्सा पाकिस्तान में चला गया। युद्ध के दौरान पंडित जवाहर लाल नेहरू संयुक्त राष्ट्र संघ चले गए और युद्ध विराम करवा दिया और हमारा एक बड़ा हिस्सा पाकिस्तान के पास रह गया। अगर तीन दिन और हमारी सेना लड़ती तो पूरा की पूरा कश्मीर हमारे पास होता। आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के नाते मैं कहता हूँ कि, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भारत का ही अंग है और इसलिए आज नहीं तो कल हम पूरी तरह से उसको विलय करेंगे, ये भारतीय जनता पार्टी की सरकार का संकल्प है।

J&K में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, आज यहां जो उत्साह देख रहा हूँ, उसे देखते हुए कह सकता हूं कि, मोदी जी के नेतृत्व में जो विकास हुआ है, उसे देखते हुए समाज के हर वर्ग के लोग भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़े हैं। लोग जानते हैं कि, आतंकवाद अगर फैला तो नेशनल कॉफ्रेस और कांग्रेस की सरकार के दौरान फैला है। ये कहते हैं कि, हम चीन की मदद से धारा 370 को वापस लाएंगे, ये चीन की मदद लेने की बात करते हैं। इनका और कांग्रेस का गठबंधन नहीं ठगबंधन है। इस गठबंधन में आज से ही अविश्वास हो गया है, कल साथ मिलकर क्या काम करेंगे। पहले भी इंदिरा जी ने फारुख अब्दुल्लाह जी को मुख्यमंत्री पद से हटाया था और इन्हीं की सरकार में आतंकवाद फला-फूला, हजारों निर्दोषों की जान गई। जनता इनकी असलियत जानती है, इसलिए मुझे पूरा विश्वास है कि, लोग विकास के साथ हैं। भारतीय जनता पार्टी ने समाज के हर वर्ग को न्याय दिया है, इसलिए यहाँ के विकास के लिए और जनता के कल्याण के लिए लोग भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़े हैं। भारतीय जनता पार्टी पूरे बहुमत के साथ सरकार बनाएगी न केवल जम्मू में सफलता प्राप्त करेंगे बल्कि कश्मीर घाटी में भी भाजपा को अप्रत्याशित सफलता मिलेगी।

मोदी जी के नेतृत्व में विकास की यात्रा जारी रहेगी
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ मुहिम चलाई गई। आतंकवादी कोई भी हो, भाजपा की सरकार उसे छोड़ेगी नहीं। हम भारत के साथ खिलवाड़ करने वालो को सबक सिखाएंगे और आतंकवाद का नामो निशान मिटा देंगे। श्री चौहान ने कहा कि, यहां शांति चाहिए, यहां सुरक्षा चाहिए, यहां प्रगति चाहिए, यहां विकास चाहिए। आप देख रहें हैं कि, पूरे जम्मू और कश्मीर में कितना टूरिज्म बढ़ रहा है। साल 2023 में 2 करोड़ से ज्यादा टूरिस्ट जम्मू-कश्मीर में आए हैं। लोगों को रोजगार मिल रहा है। मेडिकल कॉलेज हो, इंजीनियरिंग कॉलेज हो या बॉयोटेक्नोलॉजी पार्क हो, विकास की ये यात्रा निरंतर जारी रहेगी। जम्मू और कश्मीर की धरती पर 12 मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं, जम्मू-कश्मीर में 1800 कि.मी राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हुआ है। जम्मू-कश्मीर के गाँव-गाँव में सड़कें पहुंचाईं गई हैं, पूरे जम्मू में 19 हजार कि.मी सड़कें बनी हैं जो 2300 गाँव को जोड़ने का काम कर रही है। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे, जम्मू-पुंछ हाइवे, चेनाली टनल, बनिहाल टनल, ज़ोजिला टनल, सबसे बड़ा ब्रिज भी अगर कोई बन रहा है तो इसी पवित्र धरती पर बन रहा है, क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है, आज कश्मीर संभल रहा है, जम्मू-कश्मीर संवर रहा है, जम्मू-कश्मीर बदल रहा है

Spread the News