Dr. Ravjot Singh chaired a meeting on stopping industrial wastewater discharge into Buddha Dariya.
आज स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने बुड्ढा दरिया को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जरूरी उपायों पर चर्चा करने के लिए पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पंजाब विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण विभाग तथा पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नगर भवन में बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों की कार्यकुशलता को प्रभावित होने से बचाने के लिए औद्योगिक अपशिष्ट जल का निर्वहन पूरी तरह से बंद करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
बैठक के दौरान मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी उद्योग या व्यक्ति को बुड्ढा दरिया को प्रदूषित करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने वाली फैक्ट्रियों या इकाइयों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए।
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नगर निगम लुधियाना के अधिकारियों सहित एक संयुक्त टीम बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह टीम सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों और बुड्ढा दरिया को प्रदूषित करने के लिए जिम्मेदार स्रोतों की पहचान करने के लिए दैनिक निरीक्षण करेगी। उन्होंने आगे निर्देश दिए कि एक पूरी रिपोर्ट तैयार की जाए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
डॉ. रवजोत सिंह ने दोहराया कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मिशन की सफलता के लिए सरकार, प्रशासन और जनता का मिलकर काम करना जरूरी है।
बैठक में स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तेजवीर सिंह, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण विभाग की प्रशासनिक सचिव प्रियंका भारती, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन डॉ. आदर्श पाल सिंह, स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक गुरप्रीत सिंह खैरा, पी.एम.आई.डी.सी. की सी.ई.ओ. दीप्ति उप्पल के अलावा पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।