कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कृषि दर्शन प्रदर्शनी में उड़ाकर देखा ड्रोन, किसानों से नई तकनीक अपनाने की अपील की

Haryana Minister Shyam Singh Rana visits Krishi Darshan Exhibition, urges farmers to adopt modern techniques.

हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने उत्तरी क्षेत्र फार्म मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान, हिसार में चल रहे तीन दिवसीय कृषि दर्शन प्रदर्शनी का भ्रमण कर नई व आधुनिक कृषि तकनीकों का अवलोकन किया तथा किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे खेती में उन्नत तकनीकों का समावेश कर उत्पादन क्षमता बढ़ाएं।

श्री श्याम सिंह राणा ने आज उत्तरी क्षेत्र फार्म मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान, हिसार में चल रहे तीन दिवसीय कृषि दर्शन प्रदर्शनी के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।

कृषि  मंत्री ने कहा कि यह प्रदर्शनी हरियाणा सरकार के कृषि मशीनीकरण अभियान को नई गति देने और किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने का एक सफल प्रयास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और कृषि क्षेत्र में नई क्रांति का संचार हो रहा है।

प्रदर्शनी के दौरान कृषि मंत्री ने हवा में ड्रोन को उड़ाकर उसकी कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक से किसानों को कीटनाशकों एवं उर्वरकों का छिड़काव करने में सहायता मिलेगी, जिससे उत्पादन लागत में कमी आएगी और समय की बचत होगी। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे ड्रोन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभदायक बनाएं।

कृषि मंत्री ने प्रदर्शनी में विभिन्न आधुनिक कृषि उपकरणों और मशीनों का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक्टर पर बैठकर उसकी विशेषताओं को परखा और सोलर पंप का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि सोलर पंप तकनीक किसानों के लिए ऊर्जा की बचत करने और सिंचाई व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में मददगार साबित होगी।

कृषि मंत्री ने किसानों से आह्वान किया कि वे उन्नत बीजों, जैविक खेती और नई तकनीकों का उपयोग करें तथा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, जिनमें अनुदान आधारित उपकरण, फसल बीमा योजना, जैविक खेती को बढ़ावा देने की योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों ने किसानों को नई कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें आधुनिक खेती के फायदे बताए।

इस अवसर पर हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज, टीटीसी निदेशक मुकेश जैन, कृषि विभाग के उपनिदेशक राजबीर सिंह, सहित अनेक कृषि वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Spread the News