HRTC delegation informed Deputy CM about four National Awards won at Public Transport Excellence Awards.
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात की और उन्हें हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सार्वजनिक परिवहन उत्कृष्टता पुरस्कार 2023-24 समारोह में एचआरटीसी द्वारा जीते गए चार राष्ट्रीय पुरस्कारों के बारे में अवगत कराया।
उपमुख्यमंत्री ने एचआरटीसी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी लगन और कड़ी मेहनत से निगम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी इस पहाड़ी राज्य की जीवन रेखा है और कर्मचारी इसकी रीढ़ हैं जो चौबीसों घंटे लाखों लोगों की सेवा कर रहे हैं। वर्तमान राज्य सरकार एचआरटीसी कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और निगम को मजबूत करने और राज्य में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
निपुण जिंदल ने उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया कि एचआरटीसी ने टायर प्रदर्शन पुरस्कार श्रेणी में 50,000 रुपये का प्रथम पुरस्कार हासिल किया। इसके अतिरिक्त, निगम ने डिजिटल लेनदेन पुरस्कार, वाहन उपयोग पुरस्कार और कर्मचारी उत्पादकता पुरस्कार में दूसरा पुरस्कार जीता, जिनमें से प्रत्येक को 50,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर एचआरटीसी को पुरस्कार राशि के रूप में 1,25,000 रुपये मिले, जो सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में उसके उत्कृष्ट योगदान को दर्शाता है। इस अवसर पर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।