मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाड़वा विधानसभा से केंद्रीयमंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली व वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाड़वा विधानसभा से केंद्रीयमंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली व वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर नायब सैनी आत्मविश्वास से भरे हुए दिखाई दिए। नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाड़वा की इस ऐतिहासिक धरती पर उमड़े जनसमूह को देखकर मैं उत्साहित हो गया हूं। लाड़वा मेरा घर है और मुझे मेरे घर पर पूरा विश्वास है कि इस बार भाजपा की सरकार तीसरी बार बनाने में लाडवा से कमल खिलाएंगे।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनता द्वारा दी गई यह सम्मान की पगड़ी मूल्यवान है और यह सम्मान केवल मुख्यमंत्री नायब सैनी का नहीं, बल्कि लाड़वा के एक-एक नागरिक का है। श्री सैनी ने वादा किया कि इस सम्मान को कभी कम नहीं होने दिया जाएगा और इसे बढ़ाने के लिए मेहनत करेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और कहा कि भाजपा हरियाणा एक, हरियाणवी एक के सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है, लेकिन कांग्रेस प्रदेश के लोगों को टुकड़ों-टुकड़ों में बांटना चाहती है। कांग्रेस की मानसिकता छोटी है। आज लाड़वा की इस एतिहासिक धरती पर कहना चाहता हूं कि यह चुनाव राजनीतिक दलों का चुनाव नहीं, बल्कि न्याय और अन्याय का युद्ध है। उन युवाओं के लिए न्याय का युद्ध है जिन्हें हमने नौकरी दी और कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने रुकवा दी। युवा 5 अक्टूबर को कांग्रेस को इसका जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव उस अन्याय के खिलाफ युद्ध है जो कांग्रेस राज में दलितों पर हुए। दलितों के घर जलाए गए, उन्हें पलायन के लिए मजबूर किया गया। यह चुनाव उन किसानों के लिए न्याय मांगने का युद्ध है जिन पर कांग्रेस राज में गोलियां चलाई गई, जिन किसानों की जमीन हड़पकर दामाद को खुश किया गया। कांग्रेस ने जिन किसानों को मुआवजे के 2-3 रुपये के दिए वे किसान अपने अपमान का बदला लेने के लिए कांग्रेस को सबक जरूर सिखाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह धरती न्याय और अन्याय की लड़ाई की गवाह रही है, और भगवान श्रीकृष्ण ने यहीं गीता का संदेश दिया था। मेरा आग्रह है कि आप सभी मिलकर चुनाव के दौरान हर घर में जाएं और एक-एक व्यक्ति से मिलें। हमारा लक्ष्य है कि लाड़वा विधानसभा क्षेत्र में कमल का फूल खिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को नंबर एक बनाएं।
कैबिनेट मंत्री और थानेसर विधायक सुभाष सुधा, लाडवा के पूर्व विधायक पवन सैनी, सुमन सैनी, पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, वरिष्ठ भाजपा नेता जवाहर सैनी, जिले के प्रवासी प्रभारी और पूर्व सांसद रघु लखन पाल, कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल, विधानसभा प्रभारी धर्मवीर सिंह, प्रदेश सचिव राहुल राणा, अध्यक्ष जय सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष साक्षी खुराना व महिला मोर्चा की अध्यक्ष परमजीत कौर, प्रदीप चौधरी, धर्मवीर मिजार्पुर, सैनी समाज के प्रधान गुरनाम सैनी, राष्ट्रीय सैनी सभा के प्रधान दिलवाद सिंह सैनी, जिला परिषद की अध्यक्ष कमलजीत कौर, नगर पालिका की अध्यक्ष साक्षी खुराना, जय सिंह पाल, डॉ. गणेश, मंडल अध्यक्ष प्रवीण पांचाल, नरेंद्र सैनी, जसविंदर सैनी, देवेंद्र शर्मा, गुरनाम सिंह मझौली, गुलाब सिंह सैनी कनाडा से, कर्मवीर और पूनम सैनी, देवेंद्र कौशिक उपस्थित रहे।
पहले 25 हजार युवाओं को ज्वाइनिंग दूंगा फिर शपथ लूंगा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को रोजगार देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लेकिन कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने भी युवाओं की भर्ती रुकवाने में कसर नहीं छोड़ी। जब भी भर्ती हुई तभी रोडे अटकाए, लेकिन भाजपा युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी रही। हाल ही में हमने 25 हजार युवाओं की भर्ती करनी थी। सब कुछ तैयार था बस एक क्लिक में 25 हजार युवा नौकरी ज्वाइन कर लेते। लेकिन कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने यहां भी रोड़ा अटकाया और चुनाव आयोग में शिकायत करके यह भर्ती रुकवा दी। सैनी ने कहा कि आज मैं अपने परिवार लाडवा के सामने वादा करता हूं कि 8 तारीख को जब रिजल्ट आएगा तो सबसे पहले इन 25 हजार युवाओं की ज्वाइनिंग करवाऊंगा,ज्वाइनिंग के बाद ही सीएम पद की शपथ लूंगा।
*सवालों से भाग रहे हुड्डा*
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैंने कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा से कुछ सवाल किए थे। हुड्डा उन सवालों के जवाब नहीं दे रहे, वे भाग रहे हैं। जनता भी उन सवालों के जवाब चाहती है। हुड्डा जनता को बताएं कि क्यों युवाओं को बिना रुपये और बिना सिफारिश के नौकरी नहीं दी जाती थी। हुड्डा बताएं कि दामाद को खुश करने के लिए क्यों किसानों की जमीन हड़पी, क्यों किसानों को मुआवजे के 2-3 रुपये के चेक दिए। हुड्डा बताएं कि कितनी फसल एमएसपी पर कितनी फसलें खरीदी। कितने लोगों का इलाज फ्री में करवाया। ऐसे बहुत से सवाल हैं जिनका जवाब हुड्डा कांग्रेस किसी के पास नहीं।
*किलोई से बाहर नहीं निकलते हड्डा*
नामांकन रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस वाले बोल रहे हैं कि सैनी को सीट नहीं मिल रही। कभी करनाल से चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं तो कभी लाडवा से। आज मैं हुड्डा और कांग्रेस को कहना चाहता हूं कि जिस भी विधानसभा में हमने रैली की है, उसी रैली में भरपूर प्यार और जन समर्थन मिला है। पूरे हरियाणा में कमल का फूल चुनाव लड़ रहा है। सैनी ने कहा कि दूसरी ओर भूपेंद्र सिंह हुड्डा किलोई से बाहर ही नहीं निकलते। किलोई के बाहर जाने की वे हिम्मत ही नहीं कर पाते। उन्हें पता है कि किलोई से बाहर उनका कोई जनाधार नहीं है और न ही हरियाणा की जनता उन्हें पसंग करती।
*सैनी दोबारा बनेंगे सीएमः सुभाष सुधा*
नामांकन रैली में कैबिनेट मंत्री व वरिष्ठ नेता सुभाष सुधा ने कहा कि आज का दिन बेहद खास है। पूरा प्रदेश जानता है कि अगले चुनाव में फिर नायब सिंह सैनी को दूसरी बार मुख्यमंत्री बनाने का समय आ गया है। सुभाष सुधा ने भाजपा के हर कार्यकर्ता को, हर गांव में जाकर नायब सिंह सैनी के लिए वोट मांगने की अपील की।
*भाजपा सरकार में पूरे हरियाणा में समान रूप से विकास हुआः पवन सैनी*
लाडवा के पूर्व विधायक पवन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा में अब तक कई मुख्यमंत्री आए, लेकिन अक्सर वे अपने क्षेत्रों का विकास करते थे, बाकी प्रदेश विकास से वंचित रह जाता था। 2014 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में जो विकास कार्य शुरू हुए थे, उन्हें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने और आगे बढ़ाया। आज मोरनी की पहाड़ियों से लेकर पलवल और लोहारू तक हर विधानसभा क्षेत्र में विकास के काम हुए हैं। कांग्रेस के नेताओं ने केवल अपने क्षेत्रों को तरजीह दी, लेकिन आज भाजपा में पूरे हरियाणा में समान रूप से विकास हो रहा है।
*ये लाडवा की जनता का चुनावः नवीन जिंदल*
कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि आज कई विधानसभाओं से लोग यह चाह रहे थे कि मुख्यमंत्री वहां से चुनाव लड़ें, लेकिन उन्होंने लाडवा की धरती को चुना। हरियाणा में वे कहीं से भी चुनाव लड़ें, जीत निश्चित है, लेकिन उन्होंने अपना प्यार लाडवा को दिया। यह चुनाव केवल उनका नहीं है, बल्कि हम सभी का चुनाव है। जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री को लाडवा में बार-बार आने की जरूरत भी नहीं है, यहां चुनाव जनता संभालेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पांच महीने में ही कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की, अब हम उन्हें समर्थन देकर यहां से विजयी बनाएंगे।
Spread the News