Home » सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने सहित छह प्रमुख मांगों को लेकर आपकी आवाज पार्टी ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग को सौंपा मांग

सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने सहित छह प्रमुख मांगों को लेकर आपकी आवाज पार्टी ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग को सौंपा मांग

by Gurdeep Singh

-पत्रप्रेम पाल चौहान ने भगवत प्रसाद मकवाना से की चंडीगढ़ के सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण, चिकित्सा सुविधाएं और उचित अधिकार देने की मांग

चण्डीगढ़ : आपकी आवाज पार्टी (भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक प्रेम पाल चौहान ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना को मांग-पत्र सौंपकर चंडीगढ़ में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

मांग-पत्र में कहा गया है कि चंडीगढ़ को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सफाई कर्मचारी दिन-रात महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद अनेक कर्मचारियों को रोजगार की असुरक्षा, पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों की कमी और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

प्रेम पाल चौहान ने मांग की कि चंडीगढ़ में लंबे समय से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को लागू नियमों एवं पात्रता के अनुसार स्थायी करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके साथ ही प्रत्येक कर्मचारी को दस्ताने, मास्क, सुरक्षा जूते, रिफ्लेक्टिव जैकेट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं।

मांग-पत्र में पार्टी की ओर से छह प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें सफाई कर्मचारियों को स्थायी रोजगार देना, पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाना, गुणवत्तापूर्ण कार्य उपकरण एवं मशीनें देना, नियमित रूप से उचित गुणवत्ता की वर्दी उपलब्ध करवाना, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सुविधाएं देना तथा दुर्घटना बीमा और कार्य के दौरान घायल होने पर उपचार की व्यवस्था करना शामिल है।

इसके अलावा कर्मचारियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण, सुरक्षा प्रशिक्षण, स्वच्छ पेयजल, विश्राम की सुविधा और आवश्यक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संसाधन उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई गई है।

प्रेम पाल चौहान ने आयोग के अध्यक्ष से आग्रह किया कि इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए चंडीगढ़ प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि सफाई कर्मचारियों को सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां, सुरक्षा और उनके उचित अधिकार मिल सकें।

उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के हस्तक्षेप से लंबे समय से समस्याओं का सामना कर रहे सफाई कर्मचारियों को राहत मिलेगी।

You may also like

Leave a Comment