Home » घग्घर नदी किनारे हुई मां गंगा की सामूहिक आरती

घग्घर नदी किनारे हुई मां गंगा की सामूहिक आरती

by Gurdeep Singh

गंगा समग्र की ओर से मंगलवार को सेक्टर-21 स्थित छठ पूजा घाट, घग्घर नदी के किनारे मां गंगा की सामूहिक आरती एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पंचकूला जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ मां गंगा की आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर गंगा समग्र के पंचकूला जिला संयोजक प्रवीन जांगड़ा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नदियों को मां का दर्जा दिया गया है। नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। इसलिए नदियों की पूजा करने के साथ-साथ उनकी स्वच्छता और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना भी हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि नदियां जीवनदायिनी हैं और देश की अमूल्य धरोहर हैं। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पूजा-अर्चना के नाम पर नदियों में गंदगी, कूड़ा या अन्य अपशिष्ट न डाला जाए। नदियों को निर्मल और अविरल बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती के साथ नदियों को स्वच्छ रखने और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने का संकल्प भी लिया। गंगा समग्र की ओर से लोगों को नदियों के धार्मिक, सामाजिक और पर्यावरणीय महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
प्रवीन जांगड़ा ने कहा कि गंगा समग्र लगातार लोगों को नदियों के संरक्षण के लिए जागरूक करने का प्रयास कर रहा है। जनभागीदारी के माध्यम से ही नदियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर ट्राई-सिटी से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती में भाग लिया और “जय गंगा मैया” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना दिया।

You may also like

Leave a Comment