Home » सेक्टर-23 स्थित श्री मुनि जी की धर्मशाला में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत ज्ञान सत्र का शुभारंभ

सेक्टर-23 स्थित श्री मुनि जी की धर्मशाला में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत ज्ञान सत्र का शुभारंभ

by Gurdeep Singh


चण्डीगढ़ : धार्मिक आस्था, श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में आज श्री मुनि जी की धर्मशाला, सेक्टर-23-डी में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान सत्र का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर मुनि मंदिर के प्रधान दिलीप चंद गुप्ता एवं महासचिव ओ.पी. पाहवा विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं शिव मंदिर, सेक्टर-23 से अरविंद शर्मा एवं रमेश शर्मा के साथ रजनीश कालिया, गिरीश शर्मा, नरेश कुमार एवं शाखा  सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में भक्तजन भी कलश यात्रा में शामिल हुए। सभी श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इस धार्मिक आयोजन की शोभा को और बढ़ाया।

इस सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान सत्र में कथा वाचन का दायित्व डॉ. स्वामी वागीश स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज निभाएंगे, जबकि श्रीमद्भागवत का मूल पाठ अमर देव शास्त्री द्वारा किया जाएगा। दोनों विद्वानों के सान्निध्य में श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत के दिव्य प्रसंगों, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं तथा धर्म, भक्ति और सदाचार से जुड़ी शिक्षाओं का श्रवण करने का अवसर प्राप्त होगा।

यह धार्मिक आयोजन 31 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक श्री मुनि जी की धर्मशाला, सेक्टर-23-डी, चंडीगढ़ में चलेगा। प्रतिदिन प्रातः 8 से दोपहर 12 बजे तक कथा मूल पाठ तथा सायं 4 से रात्रि 8 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। 6 नवंबर को हवन, कथा समापन एवं पूर्णाहुति के पश्चात दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के आयोजक पंडित दीप राम भारद्वाज एवं परिवार ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए शहरवासियों एवं धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और इस पावन आयोजन में सहभागी बनकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।

You may also like

Leave a Comment