Home » नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने इस बार गलत टिकटें बांटीं तो राजीव मेमोरियल सोसाइटी करेगी कड़ा विरोध

नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने इस बार गलत टिकटें बांटीं तो राजीव मेमोरियल सोसाइटी करेगी कड़ा विरोध

by Gurdeep Singh

चण्डीगढ़ नगर निगम चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, कांग्रेस में पार्षद पद के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी नेतृत्व पर इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरतने का दबाव बढ़ता जा रहा है। क्योंकि माना जा रहा है कि पिछले चुनाव में टिकटों का वितरण ठीक नहीं हुआ, जिससे कांग्रेस को कई सीटों पर नुकसान उठाना पड़ा था। लिहाजा, इस बार कांग्रेस से जुड़े संगठन भी विशेष तौर पर सक्रिय हो गए हैं। चंडीगढ़ के एक ऐसे ही महत्वपूर्ण संगठन ऑल इंडिया राजीव मेमोरियल सोसाइटी की आज एक बैठक मनीमाजरा में हुई। चंडीगढ़ में खास तौर से सामाजिक गतिविधियों से जुड़े इस संगठन के सैकड़ों सक्रिय सदस्य हैं। ऑल इंडिया राजीव मेमोरियल सोसाइटी चंडीगढ़ के अध्यक्ष राज नागपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अशोक वालिया, प्रकाश सैनी, जीत सिंह, बैजीत सिंह, राजीव मल्होत्रा, तजिंदर सिंह बॉसन, विल्सन, खालिद अहमद, एसएनके धालीवाल, सतीश कुमार, पास्टर विनोद ख़ालिद, नरिंदर धालीवाल, बलजीत, रचित नागपाल, एडवोकेट भारत शर्मा, आमिर, बॉबी मल्होत्रा, राजेश कुमार, शुभम, रोहित नागपाल, जयपाल समेत सोसाइटी के सभी पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में चंडीगढ़ नगर निगम के पिछले चुनाव में हुए टिकट वितरण को कांग्रेस के नुकसान का मुख्य कारण बताते हुए कांग्रेस के चंडीगढ़ प्रभारी, सह-प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सहित समूचे नेतृत्व से मांग की गई कि इस बार सिर्फ जिताऊ, टिकाऊ, ईमानदार और पार्टी के प्रति निष्ठावान को ही उम्मीदवार बनाया जाए। इसके लिए सोसाइटी के पदाधिकारियों ने समूचे कांग्रेस नेतृत्व को पत्र भी लिखे। साथ ही यह भी निर्णय लिया कि यदि उनकी इस मांग पर गंभीरता नहीं दिखाई गई और भाई-भतीजावाद या गुटबाजी के कारण उम्मीदवारों का गलत चयन किया गया तो राजीव मेमोरियल सोसाइटी पार्टी के व्यापक हित में ऐसे उम्मीदवारों का कड़ा और पुरजोर विरोध करेगी। बैठक में सर्वसम्मति से यह भी तय किया गया कि नगर निगम चुनाव में इस बार राजीव मेमोरियल सोसाइटी भी कम से कम एक टिकट पर कांग्रेस में अपना दावा पेश करेगी। बैठक में संगठन के अध्यक्ष राज नागपाल ने सोसाइटी के अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों के नए चुनाव की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया राजीव मेमोरियल सोसाइटी का नया चुनाव 10 अक्तूबर को सेक्टर-18 स्थित SCF नंबर-23 में सुबह साढ़े ग्यारह बजे होगा।

You may also like

Leave a Comment