Home » टेंडर के बाद एक सप्ताह चली सुपर सक्शन मशीन, फिर बंद हुई सेवा; ट्रैक्टर भेजने पर भी उठे सवाल

टेंडर के बाद एक सप्ताह चली सुपर सक्शन मशीन, फिर बंद हुई सेवा; ट्रैक्टर भेजने पर भी उठे सवाल

by Gurdeep Singh

 हेलो माजरा, वार्ड नंबर 20 में सीवरेज सफाई के लिए सुपर सक्शन मशीन का टेंडर होने के बावजूद मशीन की नियमित उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद सिंह का कहना है कि टेंडर होने के बाद शुरुआत में लगभग एक सप्ताह तक मशीन क्षेत्र में आई, लेकिन उसके बाद मशीन नियमित रूप से आना बंद हो गई।

अरविंद सिंह के अनुसार, कल रात भी सुपर सेक्शन मशीन के स्थान पर ट्रैक्टर भेजा गया, जिसे बाद में वापस भेज दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सुपर सेक्शन मशीन के लिए टेंडर हुआ है तो उसके स्थान पर बार-बार दूसरे साधन क्यों भेजे जा रहे हैं।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर स्पष्ट किया जाए कि मशीन नियमित रूप से क्यों नहीं लाई जा रही है। यदि ठेकेदार टेंडर की शर्तों के अनुसार काम नहीं कर रहा है तो नियमों के तहत कार्रवाई, आवश्यकता पड़ने पर टेंडर समाप्त करने और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने पर विचार किया जाए।

अरविंद सिंह ने यह भी मांग की कि हर दिन हेलो माजरा क्षेत्र में मशीन की मौजूदगी और सीवरेज सफाई कार्य की फोटो/जियो-टैग्ड रिपोर्ट तैयार कर नगर निगम कमिश्नर को भेजी जाए तथा संबंधित ग्रुप में भी साझा की जाए, ताकि कार्य में पारदर्शिता बनी रहे।

उन्होंने कहा कि जिस दिन मशीन क्षेत्र में नहीं आएगी, उस दिन की शिकायत संबंधित अधिकारियों के समक्ष दर्ज कराई जाएगी। उनका कहना है कि टेंडर जनता की सुविधा के लिए हुआ है, केवल कागजों पर दिखाने के लिए नहीं।

You may also like

Leave a Comment