Home » पवन कुमार के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने सुनीं राजस्थान समाज की प्रमुख समस्याएं

पवन कुमार के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने सुनीं राजस्थान समाज की प्रमुख समस्याएं

by Gurdeep Singh

“समाज की सेवा और राष्ट्र के निर्माण में सहभागिता” के उद्देश्य से राजस्थान परिवार ट्राइसिटी की ओर से ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन हाउस, सेक्टर-26, चंडीगढ़ में “चाय पर चर्चा–हक की चर्चा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, चंडीगढ़ जितेंद्र पाल मल्होत्रा रहे।

कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में पवन कुमार की प्रमुख भूमिका रही। उन्होंने राजस्थान समाज के लोगों को एक मंच पर एकत्रित करने, कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने तथा समाज की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से सामने रखने की पहल की।

राजस्थान समाज की एकजुटता और राजनीतिक-सामाजिक भागीदारी को लेकर पवन कुमार ने अपनी बात रखते हुए राजस्थान समाज के लिए “राजस्थान प्रकोष्ठ” के गठन की मांग रखी, ताकि समाज की समस्याओं और मांगों को संगठित रूप से उचित मंच तक पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम में गजानंद शर्मा सहित राजस्थान समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जितेंद्र पाल मल्होत्रा के पहुंचने पर राजस्थान समाज की ओर से उनका भव्य एवं पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

देवी सिंह एवं मनीष मारवाह ने पगड़ी पहनाकर, जबकि पवन कुमार एवं संजीव ग्रोवर ने परना पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

बैठक के दौरान ट्राइसिटी में रह रहे राजस्थान समाज के लोगों ने अपने कार्यक्षेत्र एवं सामाजिक जीवन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को जितेंद्र पाल मल्होत्रा के समक्ष रखा। एम.पी. शर्मा, नरेश, लोकेंद्र, कैलाश एवं पवन कुमार ने विस्तार से अपने विचार रखे।

पवन कुमार ने राजस्थान समाज की राजनीतिक एवं संगठनात्मक भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि भाजपा में विभिन्न राज्यों के लिए प्रकोष्ठ बनाए गए हैं। इसी प्रकार राजस्थान समाज के लिए भी राजस्थान प्रकोष्ठ का गठन होना चाहिए।

उन्होंने पार्टी एवं शहर की विभिन्न समितियों में राजस्थान समाज की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही चंडीगढ़ में रहने वाले राजस्थान के परिवारों की संख्या और स्थानीय स्तर पर उनकी सक्रिय भागीदारी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम चुनावों में पार्टी की प्रक्रिया एवं निर्धारित मानदंडों के अनुसार स्थानीय योग्य कार्यकर्ताओं को अवसर देने की बात रखी।

बैठक में राजस्थान की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं को चंडीगढ़ में उचित मंच देने पर भी चर्चा हुई। गणगौर और तीज जैसे राजस्थान के प्रमुख त्योहारों को सामाजिक एवं संगठनात्मक स्तर पर आयोजित करने का सुझाव भी रखा गया।

जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने राजस्थान समाज की ओर से रखी गई बातों एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें उचित स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में पवन कुमार, गजानंद शर्मा, देवी सिंह, मनीष मारवाह, संजीव ग्रोवर, एम.पी. शर्मा, नरेश, लोकेंद्र, कैलाश, विजय कुमार, मोहनलाल, हरिप्रसाद, रविंद्र सिंह, राजकुमार, अशोक भोमिया, निर्मल सिंह, ओंकार सिंह, अमित सिंह, सुरेंद्र शर्मा, कमल किशोर, ओम प्रकाश, सुमेरमल, इंदर सिंह, राधेश्याम, शुभम, संतोष वर्मा, सुनील एवं विजेंद्र सिंह सहित राजस्थान परिवार ट्राइसिटी के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान समाज की एकजुटता, सामाजिक सम्मान, सांस्कृतिक पहचान, स्थानीय समस्याओं और संगठनात्मक भागीदारी को लेकर सार्थक संवाद की एक महत्वपूर्ण पहल हुई।

You may also like

Leave a Comment