Home » साहित्य, गीत और जीवन-दर्शन से सजी सीएससीए की मासिक बैठक

साहित्य, गीत और जीवन-दर्शन से सजी सीएससीए की मासिक बैठक

by Gurdeep Singh

चण्डीगढ़ सीनियर सिटिजंस एसोसिएशन (सीसी) के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मंच की मासिक बैठक बुधवार को करुणा सदन, सेक्टर-11 में साहित्यिक प्रस्तुतियों, पुस्तक समीक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी कल्याण संघ के अध्यक्ष के.के. शारदा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता सीएससीए के अध्यक्ष एस.सी. अग्रवाल ने की। मंच के संयोजक एवं प्रसिद्ध साहित्यकार प्रेम विज ने मुख्य अतिथि तथा उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को निरंतर सक्रिय और रचनात्मक बनाए रखने में ऐसी बैठकों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष एस.सी. अग्रवाल ने भी सभी सदस्यों का अभिनंदन किया। बैठक में प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. विनोद कुमार शर्मा सहित लगभग 25 सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के साहित्यिक सत्र में मंच के सह-संयोजक राजेश आत्रेय ने ब्रॉनी वेयर की चर्चित पुस्तक  द टॉप फाइव रिग्रेट्स ऑफ द डाईंग की सारगर्भित समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने पुस्तक में वर्णित जीवन के पांच प्रमुख पश्चातापों तथा उनसे जुड़े पात्रों के अनुभवों को विस्तार से साझा करते हुए कहा कि जीवन में समय रहते अपनी प्राथमिकताओं को समझना और संबंधों, इच्छाओं तथा आत्मिक संतोष को महत्व देना आवश्यक है। उनकी प्रभावशाली समीक्षा और वक्तृत्व शैली की उपस्थित सदस्यों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
इसके बाद सांस्कृतिक एवं काव्य सत्र में रवीन्द्र टंडन, राजेश महाजन, बृज सपरा और सोमेश गुप्ता ने मधुर गीत प्रस्तुत किए। प्रेम विज और सतविंदर कौर ने अपनी कविताओं का पाठ कर खूब तालियां बटोरीं। उपाध्यक्ष लवलीन कौर, राकेश वर्मा और कीर्ति शर्मा ने भी अपने विचार साझा किए।
मुख्य अतिथि के.के. शारदा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए स्वयं भी एक सुंदर गीत प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थितजनों ने खूब सराहा। अंत में लवलीन कौर ने मुख्य अतिथि एवं सभी सदस्यों का धन्यवाद किया।

You may also like

Leave a Comment