Home » साइकिल रैली और पौधारोपण अभियान में भाग लेकर विद्यार्थियों ने मनाया ग्रीन कंज्यूमर डे

साइकिल रैली और पौधारोपण अभियान में भाग लेकर विद्यार्थियों ने मनाया ग्रीन कंज्यूमर डे

by Gurdeep Singh

राहुल महाजन ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने बताए साइकिलिंग के लाभ

महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, दरिया में पर्यावरण विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से ग्रीन कंज्यूमर डे के उपलक्ष्य में साइकिल रैली एवं पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। पर्यावरण प्रेमी राहुल महाजन ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके मार्गदर्शन में पौधारोपण अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। राहुल महाजन ने कहा कि पेड़-पौधे स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. विनोद कुमार शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइकिल के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी दूरियों के लिए भी मोटर वाहनों के बढ़ते प्रयोग से वायु प्रदूषण में वृद्धि हो रही है। साइकिल का नियमित प्रयोग स्वास्थ्य को बेहतर रखने के साथ-साथ प्रदूषण को कम करने में भी सहायक हो सकता है। साइकिल रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर गांव की मुख्य सड़क तथा विभिन्न गलियों से होकर गुजरी। विद्यार्थियों ने स्थानीय लोगों को दैनिक जीवन में साइकिलिंग को शामिल करने तथा पौधारोपण के लिए जागरूक किया। रैली के पश्चात पौधारोपण किया गया, जिसमें चंदन के दो तथा शहतूत का एक पौधा लगाया गया। विद्यार्थियों ने भविष्य में साइकिल का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा अपने घर के आसपास पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकगण भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

You may also like

Leave a Comment