Home » चण्डीगढ़ से बिना परमिट एवं निर्धारित टाइम टेबल के चल रही बसों पर सख्त कार्रवाई की मांग

चण्डीगढ़ से बिना परमिट एवं निर्धारित टाइम टेबल के चल रही बसों पर सख्त कार्रवाई की मांग

by Gurdeep Singh

चण्डीगढ़ गवर्नमेंट ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ के सचिव, स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) से मुलाकात कर चंडीगढ़ से संचालित हो रही बिना निर्धारित टाइम टेबल, बिना परमिट तथा अन्य अनियमित रूप से चलने वाली बसों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में प्रधान आजाद सिंह, महासचिव बलबीर सिंह, सत्येंद्र सिंह एवं गोविंद दहिया शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से रोहतक, सोनीपत, होशियारपुर, पठानकोट, जम्मू एवं कटरा आदि रूटों के संबंध में प्रस्तावित/निर्धारित टाइम टेबल को शीघ्र स्वीकृत करवाकर आईएसबीटी-17 एवं आईएसबीटी-43 में लागू करवाने का मुद्दा उठाया।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि आईएसबीटी-17 एवं आईएसबीटी-43 से बिना निर्धारित टाइम टेबल एवं बिना वैध परमिट संचालित होने वाली बसों के साथ-साथ चंडीगढ़ के विभिन्न स्थानों से अनधिकृत रूप से बनाए गए बस अड्डों/पिक-अप प्वाइंट्स से संचालित होने वाली बसों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 एवं अन्य लागू नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। जो ऑपरेटर बार-बार नियमों का उल्लंघन करते हैं, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार एफआईआर सहित कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग भी रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, सचिव, स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी, चंडीगढ़ ने यूनियन को आश्वासन दिया कि बिना निर्धारित टाइम टेबल, बिना वैध परमिट तथा चंडीगढ़ से अनधिकृत स्थानों से संचालित होने वाली बसों के विरुद्ध नियमों के अनुसार तत्काल उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया कि किसी भी राज्य परिवहन उपक्रम अथवा निजी बस ऑपरेटर को चंडीगढ़ में मोटर वाहन अधिनियम, 1988 एवं अन्य लागू नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

यूनियन ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग द्वारा उक्त मामलों में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ में बस संचालन को निर्धारित नियमों एवं टाइम टेबल के अनुसार सुनिश्चित किया जाएगा।

You may also like

Leave a Comment