Home » हरियाणा के ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

हरियाणा के ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

by Gurdeep Singh

2 नए स्वास्थ्य केंद्र खुलेंगे, 2 का हुआ अपग्रेडेशन

हरियाणा सरकार प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने दो मौजूदा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को अपग्रेड करने और दो नए स्वास्थ्य संस्थान स्थापित करने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है।

 हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आमजन को उनके घर के नजदीक ही बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को अपनी मंजूरी दी है।

इस फैसले के तहत फरीदाबाद जिले के ग्रामीण व शहरी सीमावर्ती क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी। फरीदाबाद के गांव मंझावली स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र को अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। वहीं, गाँव पल्ला सेहतपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा बढ़ाकर उसे 50 बेड की क्षमता वाले आधुनिक अर्बन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को आपातकालीन और विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

इसके अलावा, झज्जर जिले के गांव बुपेनिया में एक नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने तथा सिरसा जिले के गांव अरनियांवाली में नया उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के इस नए विस्तार से आसपास के दर्जनों गांवों के निवासियों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिक उपचार, जरूरी दवाएं और नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं अपने पास ही मिल सकेंगी। इससे न केवल ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि बड़े जिला स्तरीय अस्पतालों पर मरीजों का अत्यधिक दबाव भी कम हो सकेगा।

You may also like

Leave a Comment