Home » हल्लोमाजरा वार्ड-20 में जंगल बना खाली ग्राउंड बना नशेड़ियों का अड्डा

हल्लोमाजरा वार्ड-20 में जंगल बना खाली ग्राउंड बना नशेड़ियों का अड्डा

by Gurdeep Singh

हल्लोमाजरा (वार्ड नंबर-20) स्थित पुराने टिन शेड स्कूल के पीछे खाली पड़े ग्राउंड में लंबे समय से बड़ी-बड़ी झाड़ियां और जंगल खड़ा होने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि झाड़ियों की आड़ में नशा करने वाले लोग बैठते हैं। यह रास्ता इंडस्ट्रियल एरिया से ड्यूटी करके आने-जाने वाले लोगों द्वारा शॉर्टकट के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है। पास में सब्जी मंडी और मछली मार्केट होने के कारण यहां लोगों की आवाजाही लगातार रहती है।

स्थानीय समाजसेवी अरविंद सिंह ने कहा कि पूरे हल्लोमाजरा में बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त मैदान नहीं है। यदि इस खाली ग्राउंड की झाड़ियों की कटिंग कराकर सफाई और समतलीकरण किया जाए, तो इसे बच्चों के लिए क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों के मैदान के रूप में विकसित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ को नशामुक्त बनाने के लिए राज्यपाल महोदय द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और चंडीगढ़ पुलिस भी नशे तथा अपराध पर रोक लगाने के लिए काम कर रही है। ऐसे में मुख्य रास्तों और खाली मैदानों में जंगल खड़ा रहना सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर विषय है। साफ मैदान में दूर से हर गतिविधि दिखाई देगी और असामाजिक तत्वों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी।

अरविंद सिंह ने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम से सवाल किया कि जब क्षेत्र में इंस्पेक्टर, जेई, एसडीओ और अन्य कर्मचारी तैनात हैं, तो फिर जनता को बार-बार शिकायतें करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी और कर्मचारी अपने क्षेत्र का नियमित निरीक्षण कर समय पर झाड़ियों की कटिंग, सफाई और रखरखाव करवाएं, तो आम जनता को बार-बार शिकायतें देने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी।

उन्होंने प्रशासन और नगर निगम से मांग की कि पुराने टिन शेड स्कूल के पीछे के पूरे ग्राउंड की तत्काल सफाई, झाड़ियों की कटिंग और समतलीकरण करवाकर इसे बच्चों के खेल मैदान के रूप में विकसित किया जाए, ताकि क्षेत्र के बच्चों को सुरक्षित खेल का स्थान मिले और नशे तथा असामाजिक गतिविधियों पर भी रोक लगाने में मदद मिले।

इस मांग के समर्थन में गणेश, प्रवीण खत्री, पूर्व सरपंच तेजिंदर सिंह, खादी बोर्ड के अध्यक्ष दीदार सिंह, जतिन मिश्रा, नरेश यादव, नीरज कुमार, भीषण कुमार सहित स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

You may also like

Leave a Comment